नगरपालिका ने ठेकेदार को दिया 3 दिन का अल्टीमेटम, अवैध ढांचा नहीं हटाया तो तोड़ने की कार्रवाई
बचेली। ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माण स्थल पर अवैध रूप से बनाए गए ढांचे को लेकर नगरपालिका परिषद बड़े बचेली ने सख्त रुख अपनाया है। नगरपालिका ने संबंधित ठेकेदार श्री डी.के. वर्मा, वार्ड क्र. 05 को नोटिस जारी कर 3 दिवस के भीतर निर्माण बंद कर मलबा हटाने का आदेश दिया है।
कार्यालय नगरपालिका परिषद् द्वारा क्र. 1483 दिनांक 14/10/2026 को जारी इस नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध निर्माणाधीन भवन को तत्काल बंद किया जाए।
नोटिस में उल्लेख है कि इसके पूर्व भी ठेकेदार को कार्य बंद करने के लिए पत्र दिया गया था। ठेकेदार द्वारा जवाब में सामग्री चोरी होने और शुल्क जमा करने का तर्क देकर अस्थाई ढांचा बनाए रखने की बात कही गई थी, जिसे नगरपालिका ने अमान्य कर दिया है।
नगरपालिका ने चेतावनी दी है कि निर्धारित 3 दिन में मलबा नहीं हटाया गया तो छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम 1961 के तहत कार्रवाई की जाएगी और ढांचे को तोड़ने में होने वाला पूरा खर्च ठेकेदार से ही वसूला जाएगा।
इस नोटिस की प्रतिलिपि कलेक्टर दंतेवाड़ा, अनुविभागीय अधिकारी बड़े बचेली, नगरपालिका अध्यक्ष/उपाध्यक्ष और थाना प्रभारी बचेली को भी भेजी गई है।
अब देखना होगा कि 3 दिन की मियाद खत्म होने के बाद नगरपालिका अपने नोटिस पर अमल करती है या यह कार्रवाई भी सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाती है।

