लोनी (गाजियाबाद)। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के नौरसपुर गांव में सोमवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। स्कूल बस मासूम के बड़े भाई को लेने के लिए आई थी।
इस दौरान हादसा हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
नौरसपुर गांव निवासी पवन के परिवार में पत्नी साक्षी, दो बेटे पर्व व दो वर्षीय अंश हैं। पवन डीटीसी में कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि बड़ा बेटा गांव स्थित माधव सरस्वती विद्या मंदिर में नर्सरी में पढ़ता है। बड़े बेटे पर्व को रोजाना स्कूल बस घर से लेने आती है।
सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल बस पर्व को लेने के लिए आई थी। बस घर के सामने खड़ी हुई थी। पर्व अपनी मां के साथ आया और स्कूल बस में बैठ गया। पीछे-पीछे उसका छोटा भाई अंश आया और बस के सामने से जाने लगा।
परिवार में छाया मातम
आरोप है कि इसी दौरान चालक ने अचानक बस चला दी। जिससे अंश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में अंश को जीटीबी अस्पताल जाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अचानक हुई मौत से पूरा परिवार में मातम छाया हुआ है। स्वजन बताया कि एक सप्ताह पूर्व ही मासूम अंश का जन्मदिन मनाया था। अचानक बच्चे की मौत से पूरा परिवार टूट चुका है। मृतक का बड़ा भाई पर्व का भी रो रोकर बुरा हाल है।

