गाजियाबाद। भोजपुर थाने के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे सोमवार देर शाम कार में बैठे युवक के हाथ में पिस्टल से गोली मार दी। गंभीर हालत में युवक को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शराब पीने के दौरान कहासुनी में वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपित फरार है।
पुलिस तलाश में जुटी है। अभी घटना के पीछे की वजह साफ नहीं है। खबर लिखे जाने तक लिखित शिकायत थाने में नहीं दी गई है। मोदीनगर के गांव खंजरपुर के पंकज शर्मा सोमवार की शाम अपने साथी अनुज चौधरी, राजन व अन्य के साथ कार से भोजपुर की तरफ गए थे।
कार में बैठकर शराब पी रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि यहां भोजपुर थाने के पास कार में बैठकर सभी शराब पी रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। देखते ही देखते नौबत गाली गलौज तक पहुंच गई।आरोप है इसी बीच अनुज चौधरी की लाईसेंसी पिस्टल से गोली चली और पंकज के हाथ में लगकर पार हो गई।
इस बीच पंकज को खून से लथपत हालत में छोड़कर सभी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस घायल को मोदीनगर के अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि घायल पंकज फिलहाल उपचाराधीन है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

