नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल (अर्जेंटीना बनाम स्पेन) के मद्देनजर राजधानी के सभी रेस्टोरेंट और कैफे को रात 4 बजे तक खुले रखने की अनुमति देने की घोषणा की है. फुटबॉल फैंस देर रात तक एक साथ इकट्ठा होकर मैच का आनंद ले सकेंगें. इसके लिए सरकार ने ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ 24×7 बिजनेस फ्रेंडली फ्रेमवर्क के तहत यह विशेष छूट दी है. दिल्ली के युवाओं ने कहा कि दिल्ली सरकार का यह अच्छा फैसला है. जहां फुटबॉल मैच के फाइनल को देखने के लिए लोगों में उत्साह देखा जा रहा है. ऐसे में इस तरह का फैसला काफी अच्छा है.
खेल प्रेमी प्रशांत बताते हैं कि दिल्ली सरकार द्वारा फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल के दिन सुबह 4:00 बजे तक कैफ़े और रेस्टोरेंट खोले जाने का यह फैसला बहुत अच्छा है. उस दिन खेल प्रेमी खूब एंजॉय कर सकते हैं. साथ ही दिल्ली सरकार के फैसले से भारत में भी फुटबॉल के प्रति क्रेज बढ़ेगा, जिस तरह से फीफा जैसे खेल में अभी तक हमारे देश का कोई प्रतिनिधित्व नहीं रहा है. जबकि हमारे देश से सुनील छेत्री और बाइचुंग भूटिया जैसे दिग्गज खिलाड़ी भारत से है. लेकिन भारतीय टीम फीफा में आज तक नहीं पहुंच पाई.
सतीश कुमार का कहना है कि फीफा वर्ल्ड कप फाइनल की रात सुबह 4:00 बजे तक कैफे और रेस्टोरेंट खुले रहने का दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जो ऐलान किया है, वह सराहनीय है. साथ ही हमारे खिलाड़ियों में फुटबॉल के प्रति रुझान बढ़ेगा. फीफा जैसे खेल में भारत की भी टीम पहुंचे. इसका भी हम लोग कामना करते हैं. क्योंकि हम लोग फुटबॉल प्लेयर मेसी के बहुत बड़े फैन हैं और हमारे भारत में हर एक युवा फुटबॉल प्लेयर मेसी का फैन है.
बता दें कि न्यूयॉर्क में होने वाले फुटबॉल विश्व कप के फाइनल मुकाबले में गत चैम्पियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा. इस दौरान अर्जेंटीना की टीम अपना चौथा और लगातार दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतना चाहेगा. जबकि स्पेन की टीम ने अबतक सिर्फ एक ही बार साल 2010 में यह खिताब जीता है. अब वह इस मुकाबले को जीतकर दूसरी बार वर्ल्ड कप विजेता बनना चाहेगी.
