पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में दिनांक 30.10.2026 को डीसीपी नोएडा प्रीति यादव के नेतृत्व एवं एडीसीपी नोएडा श्री अभय कुमार मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में नोएडा जोन के समस्त थाना क्षेत्रों में ड्रिंक एंड ड्राइव विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना सेक्टर-20, सेक्टर-39, सेक्टर-126, सेक्टर-24, सेक्टर-58, फेस-1, सेक्टर-49, सेक्टर-113 एवं एक्सप्रेस-वे पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कुल 45 पुलिस टीमों का गठन कर 45 प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग की गई। अभियान के दौरान कुल 1,922 वाहनों एवं 2,068 व्यक्तियों की सघन जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 471 वाहनों का चालान किया गया तथा 19 वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 327 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 292 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, औद्योगिक क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की गहन जांच कराई गई। साथ ही बैंकों, एटीएम, होटलों, ढाबों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित थाना प्रभारियों को निरंतर पैदल गश्त एवं प्रभावी पेट्रोलिंग करने, रात्रि भ्रमण बढ़ाने तथा असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

