ग्रेटर नोएडा/गौतमबुद्धनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला गौतमबुद्धनगर द्वारा तिलपता गोलचक्कर स्थित जिला कार्यालय पर “नारी शक्ति को नमन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज, परिवार और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा एवं बिलासपुर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लता चेची उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रजनी तोमर ने की।
इस अवसर पर मातृशक्ति को नमन करते हुए वक्ताओं ने महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्रीय योगदान को याद किया। जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और सरकार द्वारा उनके सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिली है, वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं।
बिलासपुर नगर पंचायत अध्यक्ष लता चेची ने कहा कि आज महिलाएं आर्थिक, राजनीतिक, कृषि, औद्योगिक और सैन्य क्षेत्रों सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रजनी तोमर ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जिले की प्रबुद्ध महिलाओं — प्रोफेसर, वकील, चिकित्सक और शिक्षिकाओं सहित कई महिलाओं को पटका ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, अर्पणा सिंह, डॉ. संगीता रावल, संगीता तिवारी, प्रीति सिंह बघेल, ज्योति सिंह, मुकेश भाटी, बॉबी देवी, यशोधा सिंह, अनीता शिशोदिया, अंजलि शिशोदिया, शांति सिंह, अंजू पुंडीर, लक्ष्मी, सूर्यकला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।

