भारतीय टीम के खिलाड़ी मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ पर तलाकशुदा महिला ने होटल में बुलाकर रेप का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि छह साल तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया गया। महिला ने दबाव बनाकर उसकी नौकरी भी छुड़वाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में लखनऊ में उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। इसके बाद रविवार रात मो. कैफ के खिलाफ यौनशोषण और धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में कैफ का भाई हसीब भी आरोपी है। आरोपी मूल रूप से अमरोहा जनपद के अलीनगर डिडौली का रहने वाला है।
एनसीआर में 2020 में हुई थी दोनों की मुलाकात
इंस्पेक्टर आशियाना गजेंद्र राय के मुताबिक पीड़िता ने तहरीर देकर बताया कि वह वर्ष 2020 में एनसीआर में रहती थी। पति से तलाक हो गया था। बेटे के साथ रहती थी। इस बीच उसकी मुलाकात क्रिकेटर भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मो. शमी के भाई मो. कैफ से हुई। दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई। दोनों का मिलना-जुलना होता था। कैफ ने शादी करने की बात कही। उन्हें पारिवारिक स्थिति से अवगत कराया। पीड़िता ने बताया कि सारी बात जानने के बाद भी कैफ ने कहा कि वह शादी करने को तैयार है।
कैफ के परिवार ने घर बुलाकर धमकी दी
कैफ के कहने पर नौ सितंबर 2023 को कोलकाता गई। वहां कैफ ने उसे एक होटल में रोका। शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। इसके बाद फिर दो महीने तक टाल मटोल करता रहा। इस बीच कई अन्य स्थलों और होटलों में ले जाकर शोषण करता रहा। दबाव बनाने पर उसने कहा कि दिसंबर 2025 में आईपीएल ऑक्सन के बाद वह शादी करेगा। पीड़िता ने बताया कि आईपीएल ऑक्शन भी हो गया। इसके बाद भी उसने शादी नहीं की। विरोध पर उसने बातचीत के लिए बुलाया। मिलने पहुंची तो वहां कैफ और उसके भाई हसीब व परिवारीजन भी मिले। सभी ने धमकी दी और शादी से इंकार कर दिया।
इसके बाद पीड़िता वापस आकर अपने घर आशियाना में रहने लगी। पीड़िता के मुताबिक उसने 31 अगस्त को आशियाना थाने में तहरीर दी। पुलिस ने जांच कर घटनास्थल शहर और राज्य के बाहर का बताकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार की। उच्चाधिकारियों के आदेश पर रविवार रात आरोपी कैफ और उसके भाई हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
नौकरी भी छुड़वा दी
पीड़िता के मुताबिक वह बच्चे की परवरिश और घर चलाने के लिए वर्ष 2023 में एक एयरलाइंस में केबिन क्रू की नौकरी कर रही थी। कैफ को नौकरी करना पसंद नहीं था। उसने दबाव बनाकर वर्ष 2026 में नौकरी छुड़वा दी। उसके बाद से वह बेरोजगार है। घर खर्च चलाने के लिए भी उसके पास रुपये नहीं हैं।
घटनास्थल गैर जनपद और राज्य बताकर टरकाया
पीड़िता का आरोप है कि उसने घटना के बाद आशियाना थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर कई दिन तक जांच की पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल गाजियाबाद और अन्य राज्य हैं। इस लिए मुकदमा यहां दर्ज नहीं होगा। पीड़िता ने बताया कि उसने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
घर बुलाकर दी थी धमकी, बोले कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी
पीड़िता के मुताबिक शादी का दबाव बनाया तो कैफ ने अपने भाई हसीब से फोन कराकर अमरोहा स्थित अपने घर पर बुलवाया। गत 19 मई को अमरोहा पहुंची। वहां हसीब और उसके परिवारीजनों ने धमकी दी। कहा कि तुम्हारी मेरे सामने कोई औकात नहीं है। भाई तुमसे शादी नहीं करेगा जो करना हो कर लेना। हम सबका कुछ बिगाड़ नहीं पाओगी।
पॉडकास्ट में सुनाई आपबीती उसे भी हटवा दिया
पीड़िता का आरोप है कि वह जब कैफ और उसके परिवारीजनों की हरकतों एवं धमकी से परेशान हो गई तो उसने एक पॉडकास्ट पर अपनी आपबीती सुनाई। जब यह जानकारी कैफ को हुई तो उसने मिलने के लिए बुलाया। फिर उसने समझाया और पॉड कास्ट हटवाने का दबाव बनाया। कहा कि पॉडकास्ट से बाइट हटने के बाद वह शादी करेगा। उसकी बातों में फंसकर पॉडकास्ट हटवा दिया। पॉडकास्ट से बाइट हटते ही वह फिर मुकर गया।
इंस्पेक्टर आशियाना गजेंद्र राय के अनुसार पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी कैफ और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

