शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने का जश्न मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर में मना सकती है। इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
हालांकि, अभी आयोजन स्थल और कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हमीरपुर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर मंथन चल रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीते रोज इस संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा भी की है। आगामी मंत्रिमंडल बैठक में भी इस विषय पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
सरकार के चार साल के कार्यकाल का यह आयोजन राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक सरकार ने अपने हर साल के जश्न के लिए अलग-अलग जिलों को चुना है।
पहले साल का आयोजन धर्मशाला में हुआ था, जबकि दूसरे साल बिलासपुर और तीसरे साल मंडी में सरकार ने अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखी थीं। इस बार हमीरपुर में आयोजन की संभावना है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री स्वयं हमीरपुर जिला से संबंध रखते हैं और अब तक इस जिले में सरकार का कोई बड़ा सालाना जश्न आयोजित नहीं हुआ है।
चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रस्तावित कार्यक्रम में सरकार अपनी उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी फैसलों का ब्योरा जनता के सामने रखेगी। इसके साथ ही अगले एक साल के लिए विकास का रोडमैप भी पेश किया जा सकता है। आयोजन को बड़े स्तर पर करने की तैयारी है, ताकि प्रदेशभर में सरकार के कामकाज और आगामी प्राथमिकताओं का संदेश दिया जा सके।

