किरंदुल। डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत ‘लिटिल हार्ट्स, बिग ड्रीम्स – किड्स कार्निवल सीजन-2’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हे बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनके आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती नमिता नारायण (अध्यक्षा, महिला प्रेरणा समिति) रहीं। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती जयंती दास, श्रीमती नंदना प्रिया एवं श्रीमती उदिता श्रीवास्तव सहित समिति की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत से हुआ।
इस अवसर पर बच्चों ने पहाड़ी, बंगाली एवं विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों, आदिवासी नृत्य, श्लोक पाठ और सामाजिक व पर्यावरण संरक्षण पर आधारित लघु नाटिका की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई शैक्षणिक प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों के मॉडल और प्रोजेक्ट आकर्षण का केंद्र रहे।
उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए छात्रा वैष्णवी दीक्षित को ‘बहुमुखी प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। मुख्य अतिथि एवं महिला प्रेरणा समिति की सचिव श्रीमती नंदना प्रिया ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिकाओं निधि मिस्त्री एवं रुक्मणी साहू ने किया तथा शिक्षिका शीना बीनू ने आभार व्यक्त किया।
नन्हे बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सपनों को समर्पित यह आयोजन सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के लिए यादगार उत्सव बन गया।

