नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पेपर लीक मामलों में केंद्र सरकार द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छात्रों के हितों की रक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पेपर लीक के मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्णय हर परिश्रमी छात्र के साथ न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों और उनके परिश्रम पर आघात करने वालों के खिलाफ कानून पूरी कठोरता के साथ अपना काम करेगा।
पीएम ने की थी घोषणा
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को एक्स पर घोषणा की थी कि पेपर लीक मामलों में त्वरित सुनवाई और दोषियों को सख्त सजा सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना, छात्रों का विश्वास मजबूत करना और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

