किरंदुल। किरंदुल और बचेली में सड़क किनारे ट्रकों की अवैध पार्किंग को लेकर प्रकाशित खबर और नागरिकों की शिकायत पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) किरंदुल अविनाश ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाया है।
SDOP कार्यालय द्वारा क्रमांक/पुलिस अनु० अधि०/किरन्दुल/रीडर/408/2026 दिनांक 24/10/2026 के तहत अध्यक्ष/सचिव, बैलाडिला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन किरंदुल को पत्र जारी किया गया है।
पत्र में क्या लिखा है?
पत्र में कहा गया है कि यूनियन से जुड़े ट्रक मालिकों द्वारा अपने-अपने ट्रकों को किरंदुल एवं बचेली शहर में डिवाइडर के दोनों तरफ रोड किनारे खड़ा किया जा रहा है, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था खराब हो रही है और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व में थाना प्रभारी किरंदुल/बचेली द्वारा शहर से बाहर पार्किंग करने की समझाइश दी गई थी और नहीं मानने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही भी की गई थी, बावजूद इसके द्वारा शहर से बाहर पार्किंग करने का कोई उचित प्रयास नहीं किया गया।
“पहली जिम्मेदारी आपकी” – SDOP
SDOP अविनाश ठाकुर ने पत्र में स्पष्ट किया है कि ट्रक यूनियन के पदाधिकारी होने के नाते सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करवाने व शहर से बाहर ट्रकों को खड़ी करवाने की प्रथम जिम्मेदारी आपकी है।
पुनः निर्देशित किया जाता है कि किरंदुल एवं बचेली शहर में रोड के दोनों किनारे ट्रकों को खड़ी न करवायें। निर्देश की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा और थाना प्रभारी किरंदुल/बचेली को भी भेजी गई है।

