गुजरात के कच्छ जिले के अंजार क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 14 साल की नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता पर बार-बार बलात्कार करने और मां पर इस कृत्य के दौरान उसकी नग्न तस्वीरें खींचने का गंभीर आरोप लगाया है।
लड़की का आरोप है कि एक पुरुष मित्र से फोन पर बात करने से नाराज होकर उसके माता-पिता ने उसे कई दिनों तक घर में बंद रखा, खाना-पानी नहीं दिया और उसके साथ मारपीट और यौन शोषण किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने माता-पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मूल रूप से दूसरे राज्य का रहने वाला यह परिवार पिछले छह सालों से गुजरात में रह रहा था। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 14 साल की किशोरी आगरा में रहने वाले अपने एक पुरुष मित्र से फोन पर बात कर रही थी। मां ने बात करते देख लिया और जब पिता काम से घर लौटे, तो मां ने उनसे शिकायत की कि बेटी किसी लड़के के साथ रिश्ते में है।
आरोप है कि इस पर पिता ने आपा खो दिया और लड़की की पिटाई कर उसे घर में बंद कर दिया। उसे कई घंटों तक खाना और पानी नहीं दिया गया।
नाबालिग का आरोप है कि इसके बाद उसके पिता ने मां के सामने ही कई बार उसका यौन शोषण किया। उसने आरोप लगाया कि 1 अक्टूबर को जब पिता उसका उत्पीड़न कर रहे थे, तब उसकी मां ने अपने फोन से उसकी नग्न तस्वीरें खींचीं।
बुआ के घर पहुंचकर 112 नंबर पर किया फोन
लड़की पर उत्पीड़न की यह बर्बरता 20 सितंबर, 29 सितंबर और 1 अक्टूबर को जारी रही।
29 सितंबर को किसी तरह मौका पाकर लड़की उसी सोसाइटी में रहने वाली अपनी बुआ के घर गई और उनके फोन से इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया। हालांकि, माता-पिता वहां पहुंचे, फोन छीन लिया और उसे जबरन खींचकर वापस घर ले आए।
1 अक्टूबर की रात हुई दरिंदगी के बाद, 2 अक्टूबर की सुबह जब पिता काम पर चले गए, तो लड़की किसी तरह दोबारा भागकर बुआ के घर पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। बुआ की मदद से फिर से पुलिस हेल्पलाइन को सूचना दी गई।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी माता-पिता को हिरासत में ले लिया है।
पीड़िता को बाल कल्याण समिति (CWC) के संरक्षण में रखा गया है और उसकी आवश्यक मेडिकल और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस ने आरोपी मां का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है ताकि डिजिटल सबूतों और तस्वीरों की फॉरेंसिक जांच की जा सके।

