गाजियाबाद। शहर को विश्वस्तरीय शहरी पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। राजनगर एक्सटेंशन के निकट प्रस्तावित हरनंदीपुरम टाउनशिप में गाजियाबाद का पहला गोल्फ कोर्ट विकसित किया जाएगा।
इसे पीपीपी माडल पर बनाने की योजना है। हरनंदीपुरम योजना के पहले चरण को लांच करने का प्रस्ताव अगले माह होने वाली जीडीए की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। स्वीकृति के बाद परियोजना का रेरा में पंजीकरण कर विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
आठ गांवों की जमीन पर बसेगी टाउनशिप
करीब 521 हेक्टेयर में दो चरणों में विकसित होने वाली हरनंदीपुरम टाउनशिप आठ गांवों की जमीन पर बसाई जाएगी। पहले चरण में शाहपुर निज मोरटा, आउटर रिंग रोड, एनपीआर और पाइपलाइन के बीच की करीब 48 हेक्टेयर भूमि को शामिल किया जाएगा।
जीडीए लेआउट और डीपीआर के तैयार कराने के लिए एजेंसी भी तय कर चुका है। हरनंदीपुरम को ग्रीन टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा।
पहले चरण में लगभग 35 प्रतिशत क्षेत्र आवासीय, 17 प्रतिशत ग्रीन एरिया और 10 प्रतिशत ग्रीन बेल्ट यानी 27 प्रतिशत हरित क्षेत्र, 25 प्रतिशत सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक उपयोग तथा पांच प्रतिशत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए प्रस्तावित है।
यहां 120 से 500 वर्गमीटर आकार के लगभग दो हजार आवासीय भूखंड, ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक हब, पार्क, स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी भूमि आरक्षित रहेगी।
पाकेटवार विकास से मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
पूरी टाउनशिप को अलग-अलग पाकेट में विकसित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक क्षेत्र में सड़क, ड्रेनेज, पार्क, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य नागरिक सुविधाएं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। डीपीआर में सड़क नेटवर्क, जल निकासी व्यवस्था और आधारभूत ढांचे की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
हरनंदीपुरम योजना को विकसित करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी बोर्ड बैठक में पहले चरण को लांच करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इस योजना में शहर का पहला गोल्फ कोर्ट विकसित करने के साथ आवासीय और व्यावसायिक भूखंड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
–
नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए

