ग्रेटर नोएडा। दीपावली का वास्तविक आनंद केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि किसी दूसरे के जीवन में उम्मीद और खुशियों का उजाला भरने में है। इसी मानवीय भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के संकल्प के साथ जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के यूथ सोशल रेस्पोंसिबल क्लब (वाईएसआर) ने ‘एक दीया आशा का, एक मिठाई प्यार की’ अभियान के माध्यम से दीपावली की खुशियां समाज के विभिन्न वर्गों के साथ साझा कीं। इस पहल के तहत विद्यार्थियों ने मिठाइयां वितरित कर प्रेम, अपनत्व, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। अभियान ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खूबसूरती तभी है, जब उनकी खुशियों में हर वर्ग की भागीदारी हो।
अभियान का शुभारंभ संस्थान परिसर से हुआ, जहां संस्थान की निदेशक डॉ. सपना राकेश ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संस्थान के कर्मचारियों के बीच मिठाइयां वितरित कीं और उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्थान केवल विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके पश्चात विद्यार्थियों की चार अलग-अलग टीमों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खुशियां बांटने के लिए रवाना किया गया।
इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों की टीमों ने पेंड्रा, जगत फार्म और तुगलपुर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों के बीच मिठाइयां वितरित कीं। अभियान का सबसे भावनात्मक और यादगार पड़ाव सूरजपुर रहा, जहां बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं। बच्चों के चेहरों पर खिलती मुस्कान, उनकी उत्सुकता और मिठाई पाकर उनकी खुशी ने विद्यार्थियों को त्योहार के वास्तविक अर्थ का अनुभव कराया। यह पहल केवल मिठाइयां बांटने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर दिया कि किसी के जीवन में खुशी का छोटा-सा कारण बनना भी समाज के लिए एक बड़ा योगदान हो सकता है।
इस अवसर पर श्री पंकज अग्रवाल, वाइस चेयरमैन, जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने कहा, “हमारा विश्वास है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल सफल पेशेवर तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना भी है, जो समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझें। दीपावली का प्रकाश तभी सार्थक है, जब वह उन घरों और चेहरों तक भी पहुंचे, जहां खुशियों की सबसे अधिक जरूरत है।वाईएसआर क्लब के सभी विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि सेवा एवं सामाजिक सहभागिता की यह भावना उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बनेगी।
अभियान का मूल उद्देश्य त्योहार के अवसर पर उपहार या मिठाइयां बांटने से कहीं आगे बढ़कर समाज में सहयोग, संवेदना और खुशियां साझा करने की संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। पूरे अभियान का नेतृत्व फैकल्टी कॉर्डिनेटर डॉ. अरविंद भट्ट ने किया। वाईएसआर क्लब के सदस्यों ने उत्साह और समर्पण के साथ इसमें सक्रिय सहभागिता निभाई। क्लब की इस पहल ने ‘खुशियां फॉरवर्ड’ के विचार को भी सार्थक किया, जिसका संदेश है कि खुशियां बांटने से कभी कम नहीं होतीं, बल्कि कई गुना बढ़ जाती हैं। जीएल बजाज के वाईएसआर क्लब की यह पहल विद्यार्थियों के लिए एक ऐसा अनुभव बनी, जिसने उन्हें पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया।

