नोएडा। नवरात्रि के उत्साह, पारंपरिक संस्कृति और उल्लास को जीवंत करते हुए आईएमएस नोएडा में डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। मंगलवार से बृहस्पतिवार तक आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर गरबा और डांडिया खेला। रंग-बिरंगे परिधानों, मधुर संगीत और डांडिया की थाप ने पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया। विद्यार्थियों ने समूह में गरबा प्रस्तुत कर अपनी ऊर्जा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक उत्साह का प्रदर्शन किया। तीनों दिन विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और उमंग ने कार्यक्रम को यादगार बनाया।
छात्रों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि का त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाते हैं साथ ही हमें एक साथ आने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सांस्कृतिक उत्सव न केवल आनंद का माध्यम है, बल्कि यह हमारी जड़ों से जुड़े रहने और विविधता में एकता का संदेश भी देते हैं। हमारा मकसद छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी संस्कृति से भी जोड़े रखना है।
आईएमएस कल्चरल क्लब की हेड मीतु चौधरी ने बताया कि संस्थान द्वारा आयोजित आज के कार्यक्रम में आईएमएस के स्टॉफ, फैकल्टी एवं छात्र-छात्राओं ने शिरकत की। छात्रों ने कार्यक्रम के दौरान गीत, संगीत और नृत्य से सबका मन मोहा। फिल्मी धुन और गीत से सजी डांडिया उत्सव में छात्राओं ने अपनी मंत्रमुग्ध अदाओं से तालियां बटोरी। कार्यक्रम के दौरान डांडिया प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने जोश और उमंग के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम आपसी भाईचारा बढ़ाने, बुराईयों को दूर कर एकता की मिसाल कायम करने, छात्रों के बीच शांति, सांस्कृतिक एवं सामाजिक सौहार्द के लिए आयोजन किया गया।
नवरात्रि के रंग में रंगा आईएमएस नोएडा, डांडिया की धुन पर थिरके विद्यार्थी

Leave a Comment
