नोएडा। अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और वैश्विक करियर के नए अवसरों की जानकारी देने के उद्देश्य से आईएमएस नोएडा में जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन ( जेट्रो) के प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद सत्र का आयोजन किया गया। सेक्टर 62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जापान से आए प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को वहां की शिक्षा प्रणाली, व्यापारिक गतिविधियों, कार्य संस्कृति और रोजगार की संभावनाओं से रूबरू कराया।
कार्यक्रम में जेट्रो के नई दिल्ली कार्यालय से सीनियर डायरेक्टर हिरोकी कावासाकी, डिप्टी डायरेक्टर ताकाहिरो नाकाओ एवं असिस्टेंट डायरेक्टर जेनिका कालरा ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए जापान में उच्च शिक्षा, उद्योग जगत में उपलब्ध अवसरों, अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक वातावरण और भविष्य की करियर संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने जापान की कार्य संस्कृति और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक कौशलों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान जेट्रो के प्रतिनिधिमंडल ने आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता से मुलाकात कर भारत-जापान के बीच शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता और संस्थागत संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। वहीं संवाद सत्र ने विद्यार्थियों को जापान के शैक्षणिक और व्यावसायिक परिवेश को करीब से समझने का अवसर प्रदान किया। साथ ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने, वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान आईएमएस नोएडा के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. गोविंद प्रसाद गोयल, डीन मैनेजमेंट एवं सीआरसी डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी, के साथ शिक्षक एवं छात्रों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।

