बरेली। यूपी के बरेली में करवाचौथ पर बवाल हो गया। लव मैरिज के बाद पति से विवाद होकर अलग रह रही पत्नी गुरुवार को बरेली में अपने प्रेमी के साथ होटल में जाकर ठहर गई। करवाचौथ पर पत्नी को किसी और के साथ देखकर पति भी उसके पीछे-पीछे होटल पहुंच गया और रात को ही पुलिस को बुला ली। पुलिस तीनों को कोतवाली लेकर पहुंची, जहां महिला प्रेमी संग जाने पर अड़ गई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
बदायूं निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2025 में उसने बदायूं की युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद ही दोनों में झगड़ा होने लगा और पत्नी ज्यादातर मायके में रहने लगी। इसी बीच उनको एक बेटा भी हुआ लेकिन पत्नी उसे अपना बच्चा नहीं मानती थी। पति का आरोप है कि कुछ समय बाद ही पत्नी ने उनसे बात करना और आना बंद कर दिया। उन्होंने पत्नी से अलग होने की बात से इनकार कर दिया। इस पर उन्हें पत्नी पर शक हुआ और उन्होंने निगरानी शुरू कर दी। जब उसने पत्नी से दूसरे युवक के बारे में सवाल किया तो उसने सबूत दिखाने की बात कही। वहीं, युवक का यह भी आरोप है कि पत्नी कई बार उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश कर चुकी है। आरोप है कि पत्नी उसे नीले ड्रम में मारकर रखने की धमकी भी दे चुकी है।
बदायूं से ही पत्नी के पीछे लगा पति
युवक ने बताया कि गुरुवार को वह बदायूं से किसी काम के लिए बरेली आ रहा था तो पत्नी उसे स्टेशन पर दिख गई। उन्होंने पत्नी का पीछा किया तो पता चला कि वह बदायूं में ही रहने वाले प्रेमी के साथ थी। वह भी उनके पीछे-पीछे बरेली आ गया। युवक का आरोप है कि पत्नी व उसके प्रेमी ने बरेली में तीन-चार जगह होटल में कमरा लेने का प्रयास किया और फिर जंक्शन के पास एक होटल में चले गए।
प्रेमी ने बताए पांच साल से अपने संबंध
युवक का कहना है कि पत्नी और उसके प्रेमी के होटल में ठहरने के बाद उसकी सूचना पर रात करीब 11 बजे कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल का कमरा खुलवाया तो पत्नी अपने प्रेमी के साथ वहां मौजूद मिली। इसके बाद पुलिस तीनों को कोतवाली ले आई। वहां प्रेमी ने महिला से पांच साल से अपने संबंध बताए और शादी की जानकारी होने से भी इनकार किया। वहीं, पत्नी ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई।
प्रेमी संग गई महिला, बच्चा पिता संग
कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि पति ने कहा कि उसने पत्नी से प्रेम विवाह किया था। जब पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती तो वह भी उसे जबरन नहीं रखेगा। इस पर वहां दोनों पक्षों में लिखित समझौता हो गया। महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई और बच्चा उसके पिता को सौंप दिया गया।

