देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर सेवानिवृत्त कार्मिक समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर राज्य के पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न मांगों के समाधान का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने समिति द्वारा प्रस्तुत मांगों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ समुचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार सेवानिवृत्त कार्मिकों के हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं और उनकी बेहतरी के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने 30 जून एवं 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को नोशनल वेतनवृद्धि दिए जाने से संबंधित मांग पर शीघ्र उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने समिति की अन्य मांगों पर आवश्यक कार्यवाही के लिए कार्मिक सचिव को निर्देशित किया।
सेवानिवृत्त कार्मिक समन्वय समिति के मुख्य संयोजक सुमन सिंह वाल्दिया के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने जनवरी 2006 से सेवानिवृत्त कार्मिकों को नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ दिए जाने, राशिकरण की कटौती समाप्त करने, हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर पेंशन वृद्धि तथा गोल्डन कार्ड से संबंधित मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
समिति के पदाधिकारियों ने सेवानिवृत्त कार्मिकों की मांगों पर मुख्यमंत्री द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्तर पर हुई इस संवाद की पहल सराहनीय है, जिससे राज्य के समस्त बुजुर्ग पेंशनरों के बीच एक सकारात्मक और उत्साहजनक संदेश गया है।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के संयोजक सचिव नवीन नैथानी, हरीश चंद्र नौटियाल, आर.पी. पंत सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

