भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन हो गया है। इसकी जानकारी खुद कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए दी। मिली जानकारी के अनुसार वह फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थीं। नोएडा के मेट्रो हॉस्पिटल में शनिवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। कलराज मिश्र की पत्नी के देहांत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हाल ही में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उप-राज्यपाल नियुक्त किए गए दिनेश शर्मा समेत तमाम राजनीति और सामाजिक हस्तियों ने शोक जताया है।
अपनी पत्नी के निधन की जानकारी देते हुए कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर उनकी एक तस्वीर भी साझा की। कलराज मिश्र ने लिखा- ‘मेरी धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी, आज अपनी जीवन यात्रा पूर्ण कर ईश्वर के श्रीचरणों में विलीन हो गईं हैं, प्रभु उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।’ इस पोस्ट के सामने आने के बाद भाजपा और कलराज मिश्र के परिवार से जुड़े लोगों, उनके शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक की लहर है।
सीएम योगी ने जताया दुख
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र जी की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुःखद है। अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की पोस्ट
वहीं उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा- ‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल आदरणीय श्री कलराज मिश्रा जी की धर्मपत्नी आदरणीया श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी के निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना है कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’
दिनेश शर्मा ने लिखा-हम सबकी चाची जी नहीं रहीं
हाल ही में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उप-राज्यपाल नियुक्त किए गए दिनेश शर्मा ने ‘एक्स’ पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा- ‘अत्यंत दुखद समाचार है कि पूर्व राज्यपाल पूज्य श्री @KalrajMishra जी की अर्धांगिनी सत्यवती मिश्रा, हम सब की चाची जी अब नहीं रहीं, निष्कपट धर्म परायण और सब की चिंता करने वाली आप एक ऐसी ग्रहणी थीं, जो घर में आने वाले हर व्यक्ति को बराबर का सम्मान देती थीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें, यही प्रार्थना है।’

