गाजियाबाद। उच्चतम न्यायालय का विशेष समाधान समारोह 21 से 23 अगस्त तक गाजियाबाद में आयोजित होगा, जिसमें लंबित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
जिला न्यायाधीश विनोद सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में न्यायिक अधिकारियों और मध्यस्थों ने अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने पर चर्चा की।
उच्चतम न्यायालय से 116 मामले प्राप्त हुए हैं, जिनमें मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी), परिवार न्यायालय, आपराधिक प्रकरण, भूमि अधिग्रहण, कर विवाद, चेक बाउंस और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से जुड़े वाद शामिल हैं।
इन मामलों के निस्तारण के लिए पांच विशेष मध्यस्थता पीठों का गठन किया गया है। सभी संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
जिला न्यायाधीश ने पक्षकारों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर मध्यस्थता केंद्र पहुंचकर विवादों का समाधान कराने में सहयोग करें।

