शाहदरा, दिल्ली/नोएडा: जैन युवा परिषद द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन एवं नवरात्रि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन को जैन समाज दिगंबर के अध्यक्ष सुदेश जैन ने सम्मानित किया। इस अवसर पर सामाजिक राजनैतिक एकता, समाज के उत्थान और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान सुदेश जैन ने नोएडा एवं एनसीआर में रहने वाले जैन समाज के लोगों से विकास जैन के साथ खड़े होने और समाज की प्रगति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जैन समाज, वैश्य समाज, अग्रवाल समाज और व्यापारी समाज आपसी एकता एवं सहयोग के साथ आगे आएं, ताकि समाज की प्रतिष्ठा बढ़े और जनहित के कार्यों को नई दिशा मिल सके।
सुदेश जैन ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, आपसी विश्वास और सेवा भावना में निहित है। जब विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक वर्ग मिलकर काम करते हैं, तो शिक्षा, व्यापार, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भी विकास जैन को सहयोग देने की अपील की और सामाजिक एकजुटता के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर विकास जैन ने सम्मान के लिए जैन समाज एवं आयोजक समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना, व्यापारियों की समस्याओं को उठाना और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता है।

