लखनऊ : सआदतगंज थाना क्षेत्र में तीन लोगों की हत्या के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर पर गुरुवार को एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई की गई. लखनऊ विकास प्राधिकरण का दस्ता दो बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ आरोपी के घर पहुंचा और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी. 4,000 स्क्वायर फीट में बने अवैध निर्माण का आधे से अधिक हिस्सा जमींदोज कर दिया गया.
शाम को अंधेरा होने के बाद भी लाइटों की रोशनी में बुलडोजर गरजता रहा. इससे पहले 28 अक्टूबर को केवल बाउंड्रीवॉल गिराए जाने पर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई थी, जिसके बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और डीजीपी राजीव कृष्ण के आश्वासन पर यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है. मौके पर एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा, ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार, डीएम विशाख अय्यर समेत शासन-प्रशासन के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा.
बुलडोजर एक्शन के दौरान आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान को गिराने पहुंची टीम को घर के अंदर से अवैध तमंचा और राइफल मिली है. इसके साथ ही कारतूस भी बरामद हुए हैं. पुलिस ने बरामद असलहों को अपने कब्जे में ले लिया है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि राइफल और तमंचा किसके हैं और इन्हें घर में किसने रखा था.
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार वे बताया कि ट्रिपल मर्डर के बाद आरोपी के मकान को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की ओर से भी कार्रवाई की गई है. इसी कार्रवाई के दौरान घर के अंदर से असलहे मिले हैं. पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच कर रही है.
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया, गुरुवार दोपहर भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंची एलडीए की टीम ने सबसे पहले उस विवादित चबूतरे और उसके पास के अवैध हिस्से को गिराना शुरू किया, जिसे लेकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया था. बुलडोजर ने मकान का टीन शेड और अगला पक्का हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. अंदर रखा घरेलू सामान, कूलर व साइकिल मलबे में दब गए.
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था. आसपास के घरों की छतों पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा रही. अंधेरा होने के बाद भी प्रशासन ने सर्च लाइटों की रोशनी में ध्वस्तीकरण जारी रखा.
वारदात के दो दिन बाद 28 अक्टूबर को एलडीए ने सड़क पर बनी सिर्फ बाउंड्रीवॉल ही गिराई थी. इस पर मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी उषा तिवारी और स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया था कि पूरा मकान ही नजूल की जमीन पर अवैध रूप से बना है. घटना के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और डीजीपी राजीव कृष्ण ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सख्त से सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था.
मौके पर मौजूद क्षेत्रीय पूर्व पार्षद बीना गुप्ता ने कहा कि यह कार्रवाई स्वागतयोग्य है, लेकिन अधूरी है. जिस परिवार के तीन कमाने वाले सदस्यों की हत्या हुई, वह अब पूरी तरह पुरुष-विहीन हो चुका है. सरकार को पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए. वहीं, स्थानीय निवासी आनंद गुप्ता समेत अन्य लोगों ने कहा कि ऐसे दुर्दांत अपराधी का एनकाउंटर होना चाहिए या फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए फांसी की सजा दिलाई जाए.
बता दें, 26 अक्टूबर 2026 की सुबह सआदतगंज के ब्राह्मण टोला में कार पार्किंग और चबूतरा बनवाने को लेकर हुए विवाद में ऋषभ शुक्ला (30) ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर पड़ोसी परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी थी. मृतकों में सचिवालय के रिटायर्ड कर्मचारी शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई लखनऊ यूनिवर्सिटी के कर्मचारी शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी (30) शामिल थे. सुयश की शादी आगामी 5 दिसंबर को होनी थी, लेकिन इस नृशंस हत्याकांड ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया था.

