किरंदुल। नगर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलकामनाओं के लिए पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर श्री राघव मंदिर परिसर में भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक एवं शिव आराधना का आयोजन किया जाएगा।

श्री राम जन कल्याण सेवा समिति (बैलाडीला देव स्थान समिति) एवं गायत्री परिवार, किरंदुल के संयुक्त तत्वावधान में 24 अगस्त 2026, सोमवार को भगवान भोलेनाथ के 111 पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक विशेष पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक किया जाएगा।
आयोजन के तहत दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक नगर परिवार की गरिमामयी उपस्थिति में 111 पार्थिव शिवलिंगेश्वर महादेव का सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न होगा। वहीं शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक भगवान भोलेनाथ के पंचाक्षरी महामंत्र “ॐ नमः शिवाय” का सामूहिक जाप एवं शिव आराधना की जाएगी।

आयोजन में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं को अपना नाम, गोत्र एवं आवश्यक जानकारी 23 अगस्त 2026 की सुबह 10 बजे तक समिति अथवा श्री राघव मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित श्री सत्येन्द्र प्रसाद शुक्ल के मोबाइल नंबर 7898590528 पर दर्ज कराना अनिवार्य होगा, ताकि आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की जा सके।
समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना करने और नगर की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान केवल पूजा-अर्चना का अवसर नहीं, बल्कि संपूर्ण किरंदुल नगर को श्रद्धा, सद्भाव, प्रेम, एकता और भाईचारे के पवित्र सूत्र में जोड़ने का मंगल अवसर है। आयोजकों ने सभी समाजों, समुदायों एवं परिवारों से सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि श्रावण के अंतिम सोमवार को पूरा किरंदुल नगर “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से शिवमय बने।

