नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। शहर में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ‘अपने-अपने राम’ का शुक्रवार को वर्ल्ड्स ऑफ वंडर, सेक्टर-38 में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रख्यात कवि एवं रामकथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास को सुनने के लिए पहले ही दिन हजारों की संख्या में श्रोता पहुंचे। आयोजन स्थल पर उमड़ी भीड़ ने कार्यक्रम के प्रति लोगों की उत्सुकता और भगवान श्रीराम के प्रति उनकी आस्था का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्यमी मुकेश शर्मा ने अपने परिवार के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ डॉ. कुमार विश्वास का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
श्रीराम जन्मोत्सव के प्रसंग ने बांधा समां
कार्यक्रम के पहले दिन डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग को अपनी विशिष्ट काव्यात्मक और भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने श्रीराम के जीवन दर्शन, आदर्शों, मर्यादा और व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को शब्दों के माध्यम से इस तरह सामने रखा कि श्रोता कथा से भावनात्मक रूप से जुड़ते चले गए। उनकी प्रस्तुति के दौरान लगातार तालियों की गूंज सुनाई देती रही और पूरा आयोजन स्थल जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
डॉ. कुमार विश्वास की रामकथा में काव्य और आध्यात्मिक भावों का अनूठा संगम देखने को मिला। उनकी चर्चित पंक्तियां—
“राम सृष्टा भी हैं और सृष्टि भी, राम दृष्टा भी हैं और दृष्टि भी।” ने आयोजन की आध्यात्मिक भावना को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
युवा पीढ़ी तक पहुंचें श्रीराम के आदर्श : मुकेश शर्मा
आयोजक मुकेश शर्मा ने कहा कि ‘अपने-अपने राम’ का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है। श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, पारिवारिक संस्कार और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देता है। आज की युवा पीढ़ी इन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करे, यही इस आयोजन की मूल भावना है।
उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे हजारों श्रोताओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीन दिवसीय आयोजन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा आयोजक टीम की प्राथमिकता है। इसके लिए बैठने, आवागमन और सुरक्षा सहित जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी आगंतुक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
परिवार और सहयोगियों के योगदान को सराहा
मुकेश शर्मा ने कहा कि नोएडा में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर ‘अपने-अपने राम’ का आयोजन करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। इस आयोजन को सफल बनाने में उनके परिवार, सहयोगियों और पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका है।
तीन दिवसीय इस आयोजन के आगामी सत्रों में भी डॉ. कुमार विश्वास भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों की प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम के जरिए भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, मानवीय मूल्यों और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले दिन श्रोताओं की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन के प्रति शहरवासियों के उत्साह को स्पष्ट कर दिया।

