जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दंतेवाड़ा के तत्वावधान में आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026, बुधवार को एनएमडीसी डीएवी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, भांसी में प्रशिक्षार्थियों के बीच “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026” के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं में नवाचार, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान, तकनीकी दक्षता एवं उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें समाज, शासकीय सेवाओं एवं उद्योगों से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के नवीन एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दंतेवाड़ा के महाप्रबंधक रविशंकर नेताम एवं प्रबंधक डी. आर. कुर्रे विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा प्रशिक्षार्थियों को “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026” के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं इसमें भागीदारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षार्थियों को बताया गया कि “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026” के अंतर्गत समाज, शासकीय सेवाओं अथवा उद्योगों से जुड़ी किसी वास्तविक समस्या की पहचान कर उसके लिए नवीन, उपयोगी, किफायती एवं व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत करना है।
प्रशिक्षार्थियों को यह भी समझाया गया कि किसी नवाचार के लिए केवल नया विचार होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह आवश्यक है कि वह वास्तविक समस्या का समाधान करे और उसे धरातल पर लागू किया जा सके। इसके लिए समस्या की पहचान, उससे प्रभावित लोगों अथवा क्षेत्र, उपलब्ध प्रमाण एवं आंकड़ों तथा वर्तमान व्यवस्था की कमियों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करना आवश्यक है।
प्रशिक्षार्थियों को यह भी जानकारी दी गई कि उनके नवाचार से कितने लोगों को लाभ मिल सकता है, लागत अथवा समय में कितनी बचत हो सकती है, रोजगार एवं आजीविका के कितने अवसर उत्पन्न हो सकते हैं तथा इसका समाज, सुरक्षा, समावेशन एवं पर्यावरण पर क्या सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही सफल समाधान को अन्य जिलों एवं राज्यों में भी लागू किए जाने की संभावनाओं पर विचार करने के लिए प्रेरित किया गया।
चैलेंज में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 है। सभी इच्छुक एवं योग्य प्रशिक्षार्थी नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं:
🔗 आवेदन लिंक: https://sevainnovationchallenge.in/
“सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026” के माध्यम से प्रतिभागियों को आवश्यकता के अनुसार मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता, शासकीय विभाग के साथ प्रयोगात्मक परियोजना, वित्तीय सहायता अथवा अनुदान, नवाचार केंद्र एवं कार्यस्थल, परीक्षण, प्रमाणन तथा बौद्धिक संपदा संबंधी सहायता प्राप्त करने के अवसर मिल सकते हैं।
महाप्रबंधक रविशंकर नेताम ने प्रशिक्षार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत युवा अपनी तकनीकी शिक्षा एवं कौशल का उपयोग केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित न रखते हुए समाज एवं उद्योग की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए भी कर सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से अपने आसपास की समस्याओं को पहचानने, उनके समाधान के लिए नए विचार विकसित करने तथा सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन ड्राइंग अनुदेशक सत्यम कुमार सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा नवाचार एवं समस्या समाधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों में रचनात्मक सोच, नवाचार एवं उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

