नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत पांच नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
इस विस्तार का सबसे बड़ा लाभ सेक्टर-61 मेट्रो स्टेशन पर मिलेगा, जहां यात्रियों को ब्लू लाइन मेट्रो से सीधे इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे एक्वा लाइन और दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के बीच सफर करना अधिक सुविधाजनक होगा। खासतौर पर दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
आवागमन होगा आसान, यातायात का दबाव घटने की उम्मीद
एक्वा लाइन के विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के आवासीय क्षेत्रों, व्यावसायिक केंद्रों, शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों तक पहुंच आसान होगी। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने और सड़कों पर यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है।
इस परियोजना को क्षेत्र में आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को विशेष राहत मिल सकती है।
आधुनिक अवसंरचना को मिल रहा बढ़ावा
उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार के तहत आधुनिक अवसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शहरी परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एक्वा लाइन के विस्तार से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी की दिशा में लिए गए इस निर्णय को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। यह परियोजना आने वाले समय में क्षेत्र के लाखों नागरिकों के लिए आवागमन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

