नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रवासी महासंघ नोएडा की ओर से नोएडा स्टेडियम में भव्य आयोजन की तैयारियां की गई हैं। 11 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महापर्व में दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए एक अस्थायी कुंड तैयार किया गया है, जिसे गंगाजल से भरा जाएगा। छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए चारों तरफ सीढ़ीनुमा घाट बनाए जा रहे हैं।
महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं छठ घाट संयोजक विकास तिवारी ने बताया कि छठ घाट का आकार 60×120 फीट रखा गया है। घाट पर ताजे गुलाब के फूलों की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 100 से अधिक स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। पूरे परिसर की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। इसके साथ ही निजी सुरक्षा कर्मी भी तैनात रहेंगे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण रहेंगी। कथक गुरु डॉ. (विदुषी) अनु सिन्हा एवं उनकी टीम, लोक गायक आलोक पांडेय ‘गोपाल’ और लोक गायिका अंकिता सिंह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
प्रवासी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष टी.एन. चौरसिया ने बताया कि महासंघ का मूल उद्देश्य अपनी मिट्टी से जुड़े प्रत्येक प्रवासी के सुख-दुख में सहभागी बनना है। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाला कोई भी प्रवासी स्वयं को अकेला न समझे, महासंघ हर परिस्थिति में उसके साथ खड़ा है।
महासचिव अवधेश राय ने बताया कि कार्यक्रम में व्रतियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि घाट की सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
प्रवासी महासंघ की ओर से आयोजित यह छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ पूर्वांचल की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनेगा। आयोजन के माध्यम से नोएडा में रहने वाले विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
नोएडा स्टेडियम में सजेगा आस्था का महापर्व, प्रवासी महासंघ ने 60×120 फीट का बनाया भव्य छठ घाट

Leave a Comment
