सैकड़ों श्रमिकों की सहभागिता, नेतृत्व विकास और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर
MMWU INTUC यूनियन, किरंदुल के तत्वावधान में श्रमिकों के बौद्धिक, शैक्षणिक एवं नेतृत्व विकास के उद्देश्य से आयोजित “श्रमिक शिक्षा एवं नेतृत्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम” का शुभारंभ अत्यंत भव्य, सफल एवं प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा माँ सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर, दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक राष्ट्रगान के साथ की गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में यूनियन सदस्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे, जिससे पूरे कार्यक्रम का वातावरण ऊर्जा, अनुशासन एवं प्रेरणा से परिपूर्ण रहा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम यूनियन के अध्यक्ष श्री विनोद कश्यप एवं सचिव श्री ए. के. सिंह के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से किया गया, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने पूरे मनोयोग एवं गंभीरता के साथ प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेकर विषयों को आत्मसात किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकार एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना, संगठनात्मक कार्यप्रणाली की गहन समझ विकसित करना तथा नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना रहा।

प्रशिक्षण सत्र के मुख्य प्रशिक्षक यूनियन के वरिष्ठ एवं अनुभवी पदाधिकारी श्री अरविन्द गुप्ता रहे, जिन्होंने संगठनात्मक ढांचे, श्रमिक सुरक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उनके मार्गदर्शन से प्रतिभागियों को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त हुआ। साथ ही यह निर्देश भी दिया गया कि प्रत्येक विभाग के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि अपने-अपने विभागों के अधिक से अधिक सदस्यों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ें तथा उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही, जिनमें INTUC के राष्ट्रीय सचिव, प्रदेश INTUC के महामंत्री, MMWU केंद्रीय समिति के महामंत्री एवं बचेली MMWU INTUC यूनियन के सचिव श्री आशीष यादव, अध्यक्ष श्री चंद्रा मंडावी एवं उनकी टीम शामिल रहे। अतिथियों का स्वागत गांधी टोपी, तिरंगा गमछा एवं शाल से आत्मीय रूप से किया गया। प्रशिक्षण मंच से श्री आशीष यादव ने अपने उद्बोधन में संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत जानकारी दी तथा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व को स्पष्ट किया।
कार्यक्रम में सैकड़ों से अधिक सदस्यों ने पंजीकरण कराया और शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। प्रतिभागियों को नोट्स बनाने के लिए पेन एवं पैड भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन यूनियन समिति सदस्य श्री त्रिलोक बांधे द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन यूनियन पदाधिकारी श्री जियाउल हसन ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में यूनियन द्वारा सभी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग, अनुशासन एवं उत्साह बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की गई। MMWU INTUC यूनियन, किरंदुल द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एक सराहनीय, प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय पहल है, जो न केवल श्रमिकों को जागरूक एवं सशक्त बना रहा है, बल्कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं संगठित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

