बाराबंकी। कोतवाली नगर के गांधीनगर में शुक्रवार शाम करीब छह बजे एक महिला अपनी चार बेटियों में से तीन बेटियों के साथ घर से निकली और लखनऊ-अयोध्या रेलखंड पर पहुंच गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला और तीनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के समय महिला का पति अपनी बड़ी बेटी के साथ कपड़े खरीदने बाजार गया था।
नगर कोतवाली के गांधीनगर के रहने वाले रामतेज पाल की पत्नी किरण देवी के रूप में पहचान हुई है। वह पति रामतेज पाल और बच्चों के साथ गांधीनगर में रहती थीं। हादसे में उनके आठ वर्षीय बेटी काव्या और सात वर्षीय जुड़वां बेटियां अनुष्का व कनिष्का की भी जान चली गई।
पति रामतेज पाल ने बताया कि किरण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। शुक्रवार दोपहर वह दवा लेकर आए थे। इसके बाद बड़ी बेटी रिया को साथ लेकर कपड़े खरीदने बाजार चले गए। इसी दौरान किरण तीनों बच्चों को लेकर घर से निकल गईं और रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं। ट्रेन की चपेट में आने से चारों की मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि पति का कहना है कि महिला बीमारी से परेशान थीं। परिवार के लोग उनकी तबीयत को लेकर चिंतित रहते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। रामतेज पाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं।

