समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने 25 लाख डुप्लीकेट वोटर खोजे हैं, इसकी सूची चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी। चुनाव आयोग हमें इनाम दे। उन्होंने उम्मीद जताई कि निष्पक्ष चुनाव के लिए आयोग डीजीपी, मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव होम को हटाकर नई तैनाती करेगा। अखिलेश ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें पहले कैसे पता चल जाता है कि वोट कटा है। मुख्यमंत्री ने समाज में डर फैलाने और चुनावी लाभ के लिए 1.27 करोड़ हिन्दू वोट कटने का बयान दिया है।
अखिलेश ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 6 से 10 जनवरी के बीच यूपी विधानसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा पर तंज करते हुए कहा की सियासत में सैलानी तो आते ही हैं, मैं चाहता हूं की उन्हें परमानेंट यहां रहना चाहिए, जिससे बातचीत होती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और पीडीए प्रहरी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां लगातार कर रहे हैं। मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। अखिलेश ने दावा किया सपा अपना वोट बचाने में कामयाब रही है। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर सरकार और चुनावी व्यवस्था पर सवाल भी उठाए।
लखनऊ में एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर से 100 से अधिक फॉर्म भरे गए
उन्होंने उन्होंने भाजपा की मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर हुई बैठक पर आरोप लगाया कि यह मतदाता सूची सुधारने की नहीं, बल्कि चुनाव लूटने की योजना बनाने की बैठक है। लखनऊ में एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर से 100 से अधिक फॉर्म भरे गए। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के नाम से भी वोट कटवाने का प्रयास हुआ। आशंका जताईकि स्थानांतरण और फर्जी नामों के जरिए मतदाता सूची में नए मतदाता जोड़े जा सकते हैं। मध्य प्रदेश, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लोगों को लाकर उनके वोट भी भाजपा बवना सकती है। मुख्यमंत्री के ‘जाओ भैंस चराओ’ वाले बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मंच से गोपालकों का अपमान किया गया है, जो अक्षम्य है। उन्होंने भाजपा सरकार पर काऊ मिल्ट प्लांट को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र को गोवंश ईकाई में बदलेंगे।
आजम को भाजपा ने फंसाया
सपा मुखिया अखिलेश ने फिर दोहराया कि मतदाता सूची को आधार से जोड़ा जाए और इसे धातु का बनाया जाए। उन्होंने आजम खां का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें फंसाया है। आजम खान से जुड़े शैक्षणिक संस्थान पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। अपने अयोध्या दौरे को लेकर कहा कि ये घोषणा पवन पांडेय ने ग्रह-नक्षत्र देखकर की है। भगवान बुलाएंगे तो जाएंगे। अयोध्या में उनके दौरे को लेकर साधु-संतों की बैठक पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कौन फोन करके बैठक करने के लिए कह रहा है। बहुत सारे साधु-संत भी चाहते हैं कि वह अयोध्या जाएं।

