नोएडा। शहर में सार्वजनिक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में नोएडा सेफ सिटी परियोजना को लेकर गुरुवार को नोएडा प्राधिकरण में ई-निविदा की पूर्व-बोली बैठक आयोजित की गई। बैठक में मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर्स (MSI) और ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) से जुड़े 130 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

17 सितंबर 2026 को आयोजित बैठक में नोएडा सेफ सिटी परियोजना के तहत आईसीटी घटकों की डिजाइन, आपूर्ति, स्थापना, कार्यान्वयन और रखरखाव से संबंधित प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। इच्छुक निविदादाताओं ने परियोजना के कार्यक्षेत्र, पात्रता शर्तों, तकनीकी विशिष्टताओं और निर्धारित समय-सीमा को लेकर अधिकारियों के समक्ष विभिन्न तकनीकी एवं वाणिज्यिक सवाल रखे।
बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह, विद्युत/यांत्रिकी खंड-3 के वरिष्ठ प्रबंधक तथा परियोजना प्रबंधन सलाहकार (PMC) टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे। Gaia Smart Cities Solutions Pvt. Ltd. के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की।

प्री-बिड बैठक के दौरान निविदा प्रक्रिया में भाग लेने वाली कंपनियों की ओर से परियोजना की तकनीकी आवश्यकताओं और वाणिज्यिक शर्तों से संबंधित कई प्रश्न उठाए गए। अधिकारियों ने इनमें से अधिकांश प्रश्नों का मौके पर ही जवाब दिया और संबंधित बिंदुओं को स्पष्ट किया।
प्राधिकरण के अनुसार, बैठक में सामने आए सभी प्री-बिड प्रश्नों और उनके उत्तरों को समेकित किया जाएगा। आवश्यक संशोधनों को शामिल करते हुए जल्द ही शुद्धिपत्र (Corrigendum) जारी किया जाएगा। यह जानकारी नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट और उत्तर प्रदेश ई-निविदा पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
निगरानी और सार्वजनिक सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
नोएडा सेफ सिटी परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर की निगरानी और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को आधुनिक आईसीटी एवं इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली के माध्यम से मजबूत करना है। परियोजना के तहत तकनीकी बुनियादी ढांचे को विकसित और सुदृढ़ किए जाने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ई-निविदा प्रक्रिया में शामिल इच्छुक कंपनियों को प्राधिकरण की ओर से सलाह दी गई है कि वे परियोजना से जुड़ी अद्यतन जानकारी, शुद्धिपत्र और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट तथा उत्तर प्रदेश ई-निविदा पोर्टल को नियमित रूप से देखते रहें।
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

