पूर्वी दिल्ली। मंडोली जेल रोड बदहाल स्थिति में है। निगम की इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। इन गड्ढों की वजह से एक ई रिक्शा पलट गया। हादसे में छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने रिक्शे में सवार लोगों को बचाया। आरोप है विधायक व निगम से शिकायत के बाद भी सड़क की स्थिति सुधारी नहीं जाती है।
जेल रोड इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। गड्ढों के कारण एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार छह लोगों को मामूली चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया।
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की अनदेखी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जेल रोड पर लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है। कई जगह सड़क टूटने के साथ गहरे गड्ढे बन गए हैं। रात के समय इन गड्ढों में वाहन फंसने और दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है। ल सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार क्षेत्रीय विधायक चौधरी सुरेंद्र से शिकायत की जा चुकी है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बड़ा हादसा हो सकता है।

