
किरंदुल। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा किरंदुल ने अपनी गौरवशाली एवं श्रमिक हितैषी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय नौसेना में चयनित श्रमिक साथी एवं एच.ई.एम. ऑपरेटर (R-4) श्री पप्पू कुमार के सम्मान में गांधी भवन, किरंदुल में एक गरिमामय एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया।
समारोह में यूनियन के अध्यक्ष ,सचिव ,पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रमिक साथियों की उपस्थिति में श्री पप्पू कुमार का पुष्पगुच्छ, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर यूनियन की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल, सफल एवं राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं।
इस अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक अध्यक्ष श्री विनोद कश्यप ने कहा कि मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) केवल श्रमिकों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए ही संघर्षरत नहीं रहती, बल्कि अपने प्रत्येक सदस्य की उपलब्धियों, संघर्षों एवं सफलताओं को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करने की गौरवशाली परंपरा का भी निर्वहन करती है। यही कारण है कि संगठन आज श्रमिकों के बीच विश्वास, एकता, सम्मान एवं समर्पण का सशक्त प्रतीक बनकर स्थापित हुआ है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन के सचिव श्री ए. के. सिंह ने कहा कि श्री पप्पू कुमार ने अपने अल्प कार्यकाल में कार्यस्थल पर अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दिया है। साथ ही उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों एवं श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। भारतीय नौसेना जैसे प्रतिष्ठित एवं गौरवशाली संस्थान में उनका चयन न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि सम्पूर्ण किरंदुल क्षेत्र, एनएमडीसी परिवार एवं मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के लिए भी गर्व एवं सम्मान का विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन सदैव अपने सदस्यों की प्रगति, उपलब्धियों एवं सामाजिक उत्थान को प्रोत्साहित करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। श्रमिक हितों की लड़ाई के साथ-साथ संगठन अपने सदस्यों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहता है। श्री पप्पू कुमार की सफलता इस बात का जीवंत उदाहरण है कि श्रमिक वर्ग के युवा भी अपने अथक परिश्रम, लगन, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सर्वोच्च सेवाओं में स्थान प्राप्त कर सकते हैं।
समारोह में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं श्रमिक साथियों ने श्री पप्पू कुमार का अभिनंदन करते हुए भारतीय नौसेना में उनके सफल, गौरवपूर्ण एवं राष्ट्रहित को समर्पित भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का संचालन श्री जियाउल हसन जी तथा धन्यवाद ज्ञापन श्री राकेश लाल जी ने किया ।
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष श्री विनोद कश्यप, सचिव श्री ए. के. सिंह, श्री अरविन्द गुप्ता, राकेश लाल, श्री त्रिलोक बांधे, श्री जी. रवि, श्री सादाब जिलान , श्री जितेन्द्र कुमार, श्री बी लोहिदास, श्री हेमशंकर वर्मा, श्री रविकांत सोनकर , श्री शिवानंद मिश्रा, श्री पौरूष पंडित,श्री निर्मल कुमार,श्री अमन सिंह आर्या, श्री कुलदीप यादव , श्री प्रियरंजन कुमार ,श्री रोशन वर्मा, श्री अंकित कुमार गुप्ता,श्री शुभम गुप्ता, श्री चंद्रभान सिंह,श्री दीपक कुमार, श्री हेमंत ठाकुर सहित यूनियन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रमिक साथी उपस्थित रहे।

