नई दिल्ली। काका नगर स्थित सरकारी आवास में रह रहे दिल्ली पुलिस में तैनात एक डीसीपी के घर में चोरी का मामला सामने आया है। तुगलक रोड थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर 24 घंटे के भीतर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से आरोपित इमरान उर्फ सावन की पहचान कर उसे तैमूर नगर की झुग्गी से गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के आईफोन, हीरे की अंगूठी और नकदी बरामद
उसकी निशानदेही पर चोरी हुआ आईफोन, वन प्लस मोबाइल, नकदी, हीरे की अंगूठी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सभी सामान बरामद कर लिया गया। इमरान के खिलाफ दस से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीसीपी नई दिल्ली जिला सचिन शर्मा के मुताबिक घटना बीते 11 अगस्त की है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा था चोर
काका नगर में एक डीसीपी परिवार के साथ रहते हैं इन दिनों वह अकेले रह थे। सुबह करीब साढे पांच बजे वह ड्यूटी के लिए घर से निकल गए थे। देर शाम करीब आठ बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ है। उन्होंने तुरंत घटना के बारे में तुगलक रोड थाना पुलिस को सूचना दे दी।
जांच में पता चला कि चोर घर से आइफोन 15 प्रो, वन प्लस मोबाइल फोन और एक पर्स ले गया है। पर्स में 10 हजार रुपये नकद, हीरे की अंगूठी और जरूरी दस्तावेज, डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी थे। पर्स में डीसीपी का दिल्ली पुलिस का पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और सीजीएचएस कार्ड भी था।
घरेलू सहायिका का मोबाइल भी कर लिया था चोरी
चोर घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका का मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया था। डीसीपी से जुड़ा मामला होने के कारण मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया।
इसके अलावा मुखबिरों से पूछताछ व तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस टीम ने तुरंत आरोपित की पहचान कर 12 अगस्त को इमरान को तैमूर नगर स्थित उसके घर से दबोच लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपित घर में रसोई के पास मौजूद दरवाजे से दाखिल हुआ था, जिसमें ताला लगाने की सुविधा नहीं थी।
डीसीपी के घर से निकलने के बाद आरोपित ने उसी रास्ते का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस उससे पूछताछ कर पुराने आपराधिक रिकार्ड और उसके अन्य मामलों में शामिल होने की भी जांच कर रही है।

