नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। फेस-2 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 22 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से भंगेल में गंदे नाले वाली रोड पर चेकिंग के दौरान संतोष चौधरी और फारूख उर्फ सफीया को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल बताए गए हैं।
गिरफ्तार संतोष चौधरी बिहार के सुपौल जिले का रहने वाला है और वर्तमान में निठारी, सेक्टर-31 में रह रहा था। वहीं फारूख उर्फ सफीया बदायूं जिले का निवासी है और वर्तमान में हल्द्वानी, ग्रेटर नोएडा में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की मोटरसाइकिल संख्या DL1SAC7054, स्नैच किए गए 22 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में फेस-2 थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, आबकारी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।
मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 22 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

Leave a Comment
