किरंदुल। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा किरंदुल अध्यक्ष श्री विनोद कश्यप एवं सचिव श्री ए.के. सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में गांधी भवन (इंटक श्रमिक सदन) में जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए चार वरिष्ठ कर्मयोगियों के सम्मान में एक भव्य, गरिमामय एवं भावपूर्ण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में श्री सोन सिंह नाग जी (मास्टर HEM ऑपरेटर ग्रेड-I), श्री महेंद्र कुमार चापड़ी (पद MMCO ग्रेड-II, कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे ) श्री ज्ञानू राम कवाची जी (मास्टर HEM मैकेनिक ग्रेड-II) तथा श्री लक्ष्मीनाथ वट्टी जी (पद मास्टर इलेक्ट्रिशियन ग्रेड-II, के पुत्र उपस्थित रहे)को शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके परिवारजनों का भी आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भावनाओं, आत्मीयता और सम्मान से सराबोर हो गया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री विनोद कश्यप ने कहा कि सम्मानित सभी सेवानिवृत्त साथियों ने अपने संपूर्ण सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन तथा संस्थान के प्रति समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका अथक परिश्रम, अनुभव और कार्यसंस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके अमूल्य योगदान के प्रति संगठन की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है।

सचिव श्री ए.के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन सदैव श्रमिकों के सम्मान, अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि “सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए, सुखद और सुनहरे अध्याय की शुरुआत है।” श्रमिकों का समर्पण ही किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति है। ऐसे कर्मठ एवं समर्पित साथियों का सम्मान करना यूनियन की गौरवशाली परंपरा है, जिसे भविष्य में भी पूरी गरिमा के साथ निभाया जाता रहेगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त साथियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं सम्मानपूर्ण जीवन की मंगलकामनाएँ भी व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभागीय प्रतिनिधि, समिति सदस्य, सामान्य सदस्य, ठेका श्रमिक, सुरक्षा प्रहरी सहित बड़ी संख्या में श्रमिक साथी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त साथियों के उज्ज्वल, स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन सचिव श्री राकेश लाल जी और धन्यवाद ज्ञापन एवं आभार संगठन के कोषाध्यक्ष श्री ओंम कुमार साहू जी द्वारा किया गया ।
भूपेश्वर साहू की रिपोर्ट

