अलीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के नाती और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई समारोह तालानगरी में आयोजित किया जाएगा। सगाई समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को अलीगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य, अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा समेत उप्र सरकार के दर्जनों मंत्री सगाई समारोह में शामिल होंगे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यक्रम देररात तक नहीं आया था। समारोह एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की तालानगरी संतफिदेलिस स्कूल के बराबर में खाली मैदान में शनिवार को सगाई समारोह होगा। सगाई समारोह के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की गई है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य समेत अन्य मंत्री शामिल होंगे। शनिवार को दिनभर अलीगढ़ में वीवीआईपी और वीआईपी का जमावड़ा रहेगा। इसको लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर पार्किंग के इंतजाम पुलिस प्रशासन ने किए हैं। शनिवार को क्वार्सी चौराहे से तालानगरी का सफर कठिन होगा। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्वार्सी से तालानगरी जाने वाला मार्ग लेफ्ट साइड चलता रहेगा।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित दर्जनों मंत्री शामिल होंगे
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को दोपहर 12:15 बजे शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह व सौरभ सिंह के सगाई समारोह में तालानगरी में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री 12:45 बजे सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के उपरांत विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। अंडमान-निकोबार के उप राज्यपाल डॉ0 दिनेश शर्मा शनिवार को अलीगढ़ आएंगे। सगाई समारोह में शामिल होने के साथ जलवायु परिवर्तन संवाद में शामिल होंगे। भ्रमण के दौरान वह पर्यावरण संरक्षण समिति, अलीगढ़ द्वारा एस.जे.डी. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, टीकाराम कॉलोनी में आयोजित जलवायु परिवर्तन संवाद में सहभागिता करेंगे। जलवायु परिवर्तन के कारण द्वीप समूहों एवं मैदानी क्षेत्रों पर पड़ने वाले पर्यावरणीय प्रभावों, विशेषकर अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के संदर्भ में विचार-विमर्श किया जाएगा। उप राज्यपाल सुबह 10:30 बजे अलीगढ़ पहुंचेंगे। सुबह 11:20 बजे जलवायु परिवर्तन संवाद में शामिल होने के बाद अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सगाई में होंगे शामिल
भाजपा प्रेदश अध्यक्ष पंकज चौधरी बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की सगाई समारोह में शनिवार को शामिल होंगे। दिल्ली चलकर वह सड़क मार्ग से अलीगढ़ आएंगे। इसके अलावा जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री ऊर्जा कैलाश सिंह राजपूत, एसपी सिंह बघेल सहित अन्य मंत्री शामिल होंगे।
तालानगरी अलीनगर में शनिवार को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की सगाई समारोह को लेकर शुक्रवार को डीएम अविनाश कुमार व एसएसपी नीरज जादौन ने अफसरों को विशेष दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अफसरों व कर्मचारियों को उनके तैनाती स्थल बताए गए। डीएम ने कहा कि सेफ हाउस समेत अन्य स्थलों पर कोई लापरवाही नहीं बरती जाए। सुबह 8 बजे से डयूटी सभी की शुरू हो जाएगी। आने जाने वालों से पुलिस कर्मी असभ्य भाषा का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
डीएम ने कहा कि सेफ हाउस और सेफ हॉस्पिटल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यातायात एवं अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक यातायात को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
पांच प्रवेश से सगाई समारोह में पहुंचेंगे लोग
ब्रीफिंग में अफसरों को बताया गया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास के लिए कुल पांच द्वार निर्धारित किए गए हैं। वीवीआईपी पास धारकों के वाहनों की पार्किंग कार्यक्रम स्थल के अंदर निर्धारित स्थान पर रहेगी। शहर की ओर से आने वाले लोगों के लिए कलश बैंक्वेट हॉल के सामने सामान्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अतरौली की ओर से आने वाले लोगों के वाहनों के लिए कार्यक्रम स्थल से पहले ट्राइडेंट स्कूल, दीनदयाल उपाध्याय स्कूल सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखें।
आपसी समन्वय बनाए रखें
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे वायरलेस सेट के माध्यम से निरंतर संपर्क में रहें और अपने अधीनस्थ पुलिस कार्मिकों की तैनाती एवं ड्यूटी की निगरानी सुनिश्चित करें। किसी भी सूचना अथवा आवश्यकता पर संबंधित अधिकारी तत्काल समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें।
जिम्मेदारी के साथ काम करें
डीएम अविनाश कुमार ने निर्देश दिए कि अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक सुरक्षा प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए जाएं। सभी अधिकारी अपने निर्धारित पार्किंग एवं ड्यूटी स्थलों को पहले से देख लें और अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझ लें। कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सतर्कता के साथ कार्य किया जाए।
आज तालानगरी से डीपीएस तक रहेगा नो-ट्रैफिक जोन
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की सगाई के कार्यक्रम में अलीगढ़ में वीवीआईपी और वीआईपी के आगमन को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन किया है, जो शनिवार सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। इसके तहत शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। तालानगरी चौकी से डीपीएस स्कूल तक नो ट्रैफिक जोन रहेगा।
एसपी ट्रैफिक प्रवीन कुमार ने बताया कि कानपुर एटा की तरफ से शहर की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन पनैठी फ्लाईओवर से ही डायवर्ट होंगे। इसी तरह कमालपुर कट की ओर से एटा चुंगी होकर आने वाले वाहन कमालपुर कट/कमालपुर हाईवे-एनएच 34 कट से हाईवे होकर, आगरा चेंजर की तरफ से आने वाले वाहन आगरा चेंजर से हाईवे एनएच-34 पर, मथुरा की तरफ से आने वाले वाहन इगलास से, टप्पल की तरफ से आने वाले वाहन टप्पल, गोमत चौराहा, तहसील तिराहा खैर, तिरंगा तिराहा खैर से, खेरेश्वर चौराहा की ओर से नादा, शहर की तरफ आने वाले वाहन खेरेश्वर चौराहे से ही हाईवे एनएच-34 बाईपास पर, बुलंदशहर-खुर्जा की तरफ से आने वाले वाहन दौरऊ मोड़, गभाना से, बुलंदशहर-डिबाई-जवां से आने वाले वाहन सुमेरा झाल जवां से बरौली गभाना की तरफ, अतरौली से रामघाट रोड, शहर की तरफ आने वाले वाहन अवन्तीबाई चौराहा से छर्रा गंगीरी, कासगंज, छतारी, पहासू, अनूपशहर की तरफ, महेशपुर तिराहा से क्वार्सी चौराहे की तरफ आने वाले वाहन महेशपुर तिराहे से बाईपास छेरत की ओर, क्वार्सी चौराहे की ओर से कार्यक्रम स्थल हरदुआगंज की तरफ जाने वाले वाहन क्वार्सी चौराहे से महेशपुर की तरफ, बहरामगढ़ी बंबा तिराहा हरदुआगंज से कार्यक्रम स्थल की ओर आने वाले वाहन बहरामगढ़ी बंबा तिराहे हरदुआगंज से कासिमपुर, छेरत, हरदुआगंज की तरफ डायवर्ट होकर निकलेंगे। इनके अलावा बौनेर तिराहा से सभी प्रकार के भारी, कॉमर्शियल वाहन ओजोन सिटी, एटा चुंगी की तरफ प्रतिबन्धित रहेंगे।
रोडवेज और प्राइवेट बसों के लिए डायवर्जन व्यवस्था
प्राइवेट, महानगर बस सेवा आदि बसें भांकरी कट से शहर की ओर प्रतिबंधित रहेंगी। ये सभी बसें भांकरी पुल तक आ सकेंगी और भांकरी पुल पर सवारी उतारने के बाद बाईपास से ही डायवर्ट होकर निकलेंगी। इसी तरह खैर, टप्पल तरफ से आने वाली बसें खेरेश्वर चौराहे पर सवारी उतारने के बाद बाईपास से, आगरा व मथुरा की तरफ से आने वाली बसें आगरा व मथुरा पुल के नीचे सवारी उतारने के बाद बाईपास से, एटा, कानपुर की तरफ से आने वाली बसें बौनेर तिराहा पर सवारी उतारने के बाद बाईपास से, नरौरा, रामघाट रोड की तरफ से आने वाली बसें हरदुआगंज बंबा-कासिमपुर मोड़ पर सवारी उतारने के बाद वापस कासिमपुर छेरत रोड से होकर जा सकेंगी।

