छिन्दवाड़ा : मध्य प्रदेश की सबसे पुरानी रामलीला में से एक छिंदवाड़ा रामलीला का मंचन बुधवार से शुरू हो रहा है. छोटी बाजार के रामलीला राम मंदिर में 14 दिनों तक चलने वाली इस रामलीला का समापन दशहरा के दिन रावण दहन के साथ दशहरा मैदान में होगा. मध्य प्रदेश की इस रामलीला का 137 साल पुराना इतिहास है तब से आज तक कोरोना काल के दौरान भी रामलीला का मंचन नहीं रुका. वहीं, मध्य प्रदेश की सबसे पुरानी रामलीला जबलपुर की मानी जाती है, यहां मिलौनीगंज में लगभग 161 सालों से रामलीला का मंचन हो रहा है.
14 दिनों तक होगी रामलीला 137 सालों से सफर जारी
श्रीरामलीला मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने बताया, ” छोटी बाजार के रामलीला रंगमंच पर आयोजित होने वाली श्री रामलीला का मंचन 137 सालों से जारी है. यह श्रीरामलीला छिंदवाड़ा की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में जानी जाती है. श्रीरामलीला मंडल छोटी बाजार की कार्यसमिति इस बार के कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियों में जुटी हुई है. कार्यक्रम का प्रारंभ किरीट पूजन से होगा, इसके बाद मंच पूजन कर श्रीरामलीला रंगमंच स्थित जीवंत समाधिस्थ श्री चौबे बाबा का आह्वान करने के बाद मंगलाचरण के साथ प्रभु श्रीराम की पहले दिन की लीला की शुरुआत होगी.”
अयोध्या से आए संत ने की थी शुरुआत
मण्डल के संरक्षक राजू चरणागर ने बताया कि रामलीला आज भले ही आधुनिकता के साथ मंच पर दिखाई जा रही है लेकिन इसकी नींव 137 साल पहले रखी जा चुकी थी. अयोध्या से छिंदवाड़ा आए महासंत श्री रामदास बाबा की प्रेरणा से स्थानीय लोगों ने रामलीला की शुरुआत की. तब से ये सिलसिला चल रहा है.
थ्री डी होगा रामलीला का बैकग्राउंड, 4K क्वालिटी में लाइव प्रसारण
मंडल के संरक्षक सतीश दुबे लाला ने बताया, ” रामलीला मंच को इस साल भी 500 वर्गफीट से अधिक एलईडी स्क्रीन से तैयार किया जा रहा है. नई साज सज्जा व आधुनिक उपकरणों से लैस मंच के पीछे बैकग्राउंड पूरा एलईडी स्क्रीन से दिखेगा, जो 3D इफ़ेक्ट होगा जैसे कि आसमान में उड़ते हनुमान, नदी तालाब और जंगलों की तस्वीर, आग और भी कई ऐसे इफेक्ट होंगे जो 3D में देखे जाएंगे इसके अलावा 4K क्वालिटी में सोशल मीडिया और लोकल चैनलों में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा.”
45 दिन पहले से शुरू हो जाती है रिहर्सल करीब 500 लोग शामिल
मुख्य निर्देशक श्रान्त चंदेल ने बताया, ” मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की लीला के मंचन के लिए कलाकार 45 दिन पहले से ही तैयारी और रिहर्सल में जुट जाते हैं. पूरी रामलीला टीम में करीब 500 लोग होते हैं, जो कलाकार के अलावा दूसरी भूमिका में भी रहते हैं. सभी लोग अपने कामों को छोड़कर रामलीला की तैयारी करते हैं.”
