नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ और जन-कल्याणकारी बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई योजनाओं का शुभारंभ किया. त्यागराज स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित राज्य-स्तरीय ‘आशा सम्मेलन-2026 एवं आशा सम्मान समारोह’ में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संयुक्त रूप से कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहलों का शुभारंभ किया.
इस दौरान सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए 6,690 आशा वर्करों के मासिक मानदेय को 3,000 से बढ़ाकर 6,000 करने की बड़ी घोषणा की. समारोह में वर्चुअल माध्यम से जीबी पंत अस्पताल में अत्याधुनिक ‘सोटो’ (SOTTO) भवन का उद्घाटन किया गया, जिसके साथ नवजात शिशुओं के लिए ‘मिशन ANMOL’ का विस्तार और ‘नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम’ पोर्टल लॉन्च किया गया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
नवरात्रि पर विशेष कार्यक्रम का ऐलान
दशकों से लंबित मांग को पूरा करते हुए दिल्ली सरकार ने 6,690 आशा वर्करों के मासिक प्रोत्साहन को 3,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपए कर दिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा वर्करों को सम्मानित किया और आगामी नवरात्रि उत्सव के दौरान उनके लिए विशेष डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि जो महिलाएं हर परिवार के स्वास्थ्य की देखभाल करती हैं, उनकी गरिमा और कल्याण का ध्यान रखना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है.
मिशन ANMOL: नवजात शिशुओं के लिए सुरक्षा कवच
कार्यक्रम के दौरान ‘मिशन ANMOL’ (एडवांस्ड न्यूबॉर्न मॉनिटरिंग एंड ऑप्टिमल लाइफ केयर) के विस्तार की शुरुआत की गई. इसके तहत जन्म के 24 से 72 घंटों के भीतर नवजात शिशुओं में 63 गंभीर अनुवांशिक, मेटाबोलिक और जन्मजात बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी. सरकार का लक्ष्य इस योजना के तहत वार्षिक स्क्रीनिंग कवरेज को 1.5 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख तक करना है. अब तक 75,000 से अधिक बच्चों की जांच की जा चुकी है और 700 से अधिक बच्चों को समय पर इलाज मिला है.
डिजिटल और पारदर्शी हुई नर्सिंग होम व्यवस्था
निजी नर्सिंग होम के प्रशासनिक कार्यों को सरल, पारदर्शी और तकनीक-युक्त बनाने के लिए ‘नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम’ पोर्टल लॉन्च किया गया है. इसके जरिए पंजीकरण और रिन्यू की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाएगी. इससे संस्थानों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, जिससे निगरानी और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी.
GB पंत अस्पताल में नए ‘सोटो’ भवन का उद्घाटन
अंगदान और प्रत्यारोपण सेवाओं को गति देने के लिए जीबी पंत अस्पताल में स्टेट आर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन (SOTTO) के नए भवन का उद्घाटन किया गया. मुख्यमंत्री ने अंगदान को मानवता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने खुद सोटो पोर्टल के माध्यम से देहदान का संकल्प लिया है. उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अंगदान के प्रति आगे आएं और समाज में जागरूकता फैलाएं.
‘घोषणाएं नहीं, धरातल पर परिणाम दे रही सरकार’
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और सशक्त दिल्ली की नींव हैं. आधुनिक तकनीक और मानवीय दृष्टिकोण के समन्वय से दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक नागरिक-केंद्रित बनेंगी. वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि महामारी के कठिन दौर में भी अपनी सेवाएं देने वाली आशा वर्करों के मानदेय का मुद्दा लगभग एक दशक से लंबित था, जिसे वर्तमान सरकार ने पूरा किया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस परिणाम और सकारात्मक बदलाव लाना है.
