दिल्ली-एनसीआर। दिल्ली-एनसीसार में लगातार तीन दिन से रुक-रुककर बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। गुरुवार की सुबह लोगों के लिए गर्मी से राहत भरी रही लेकिन, कई इलाकों में लोगों भारी जोखिम उठाना पड़ा।
भारी बारिश और हवा के चलते कहीं पेड़ गिरे तो कहीं जलभराव से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। तेज बारिश और मौसम के अलर्ट को देखते हुए कई जिलों में डीएम द्वारा आज स्कूलों की छुट्टी भी कर दी गई है।
उधर, लगातार हो रही बारिश से दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भारी जलभराव हुआ है।
दिल्ली में जलभराव के हॉटस्पॉट मिंटो ब्रिज, विकास मार्ग, एन-9, रोहतक रोड जैसी सड़कों पर जलभराव नहीं हुआ है।
गाजियाबाद में पूरी रात धीमी गति से वर्षा होती रही। गुरुवार को सुबह 5 बजे वर्षा तेज हो गई, जो अभी तक हो रही है।
शहर के अधिकांश इलाकों में जलभराव हो गया है। सरकारी स्कूल, अस्पताल, कार्यालय और अंडरपास तक में पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग यातायात जाम से परेशान हो रहे हैं। कई जगह पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए हैं।
वहीं, गाजियाबाद में 70 साल पुराने जिला एमएमजी अस्पताल की बिल्डिंग की छत से इन दोनों खूब प्लास्टर गिर रहा है।
बृहस्पतिवार सुबह को तेज वर्षा के चलते अस्पताल की एक्स-रे गैलरी की छत से प्लास्टर गिर गया। गनीमत यह रही कि आसपास कोई मरीज नहीं था लेकिन अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों में इसके बाद दहशत का माहौल है।
फरीदाबाद में औद्योगिक नगरी में बुधवार रात से हो रही लगातार वर्षा से कई कालोनियों और सेक्टरों में बिजली और पानी की व्यवस्था ठप हो गई। एनआईटी की कई कॉलोनियों में रात से बिजली नहीं आई। बिजली कंट्रोल रूम के फोन लगातार घनघनाते रहे।

