नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच के नेतृत्व में आगामी 7 अक्टूबर 2026 को नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-96 में प्रस्तावित किसान अस्तित्व बचाओ आंदोलन को लेकर गांव-गांव पंचायतों का दौर शुरू हो गया है। आज ग्राम झट्टा से पंचायत कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद गुलावली, शाहपुर सुल्तानपुर और छलेरा गांवों में भी पंचायतें आयोजित की गईं।
इन पंचायतों में बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। किसानों ने एकजुट होकर प्रण लिया कि 7 अक्टूबर को भारी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ तथा माताओं-बहनों सहित नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर आंदोलन में सहभागिता करेंगे।
पंचायतों में किसानों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक किसानों की आबादी का निस्तारण/विनियमितीकरण, मूल 5 प्रतिशत के प्लॉट, 10 प्रतिशत के प्लॉट, गांवों का शहर की तर्ज पर विकास तथा नक्शा नीति के बाइलॉज को किसानों के सामने स्पष्ट नहीं किया जाता, तब तक किसान अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
किसानों ने कहा कि वे अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार हैं और जब तक उनकी जायज मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन मंच द्वारा लगातार गांव-गांव जनसंपर्क और पंचायतों का आयोजन कर किसानों को आंदोलन से जोड़ा जा रहा है। सभी गांवों में आंदोलन को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं और किसानों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
भारतीय किसान यूनियन मंच ने सभी किसानों से 7 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-96 पहुंचकर किसान अस्तित्व बचाओ आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।

