नोएडा। श्रीराम मित्र मंडल,नोएडा के महासचिव डॉ॰मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया है कि रामलीला मैदान,सेक्टर -62 में आयोजित होने वाले श्रीरामलीला महोत्सव 2026 की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। 70 फीट के रावण, 65 फीट के कुंभकरण व 60 फीट के मेघनाद के पुतले बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।पुतले बनाने के कार्य में लोनी के एक दर्जन कलाकार दिन-रात लगे हैं।वहीं पंडाल व स्टेज बनाने का कार्य भी तेजी से जारी है।
इस बार 120 फीट लंबा, 40 फीट चौड़ा व 6 फीट ऊंचा स्टेज बनेगा। इसके ऊपर 18 फीट ऊंची स्टेज की दूसरी मंजिल होगी। दो मंजिल स्टेज बनेंगे। स्टेज के पीछे कलाकारों के लिये 90 फीट लंबा व 30 फीट चौड़ा पंडाल बन रहा है। डॉ॰शर्मा ने बताया है कि इस बार श्रीरामलीला मंचन में फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों सहित कई अनुभवी कलाकार प्रमुख किरदारों की भूमिका में होंगे। रामलीला मंचन मुरादाबाद की लीला मंडली श्री जानकी कला मंच के लगभग 60 कलाकारों द्वारा की जायेगी। दर्शकों की सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की जायेगी।रामलीला स्थल पर एक सौ सुरक्षा गार्ड, दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे, छः एम्बुलेंस, अग्निशमन यंत्रों सहित सभी प्रकार की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थायें की जा रही हैं। बच्चों व दर्शकों के मनोरंजन के लिये कई प्रकार के झूले व खेल तमाशों की व्यवस्था होगी। दर्शकों व श्रद्धालुओं के खान-पान के लिये कई स्टॉल लगेंगे।डॉ॰शर्मा ने बताया है कि रामलीला मंचन 11 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सायं 07.00 बजे से रात्रि 11.00 बजे तक होगा। 11 अक्टूबर को रामलीला महोत्सव का उद्घाटन व मंचन हवन-पूजन के साथ शुरू हो जायेगा।
समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि 15 अक्टूबर को श्रीराम बारात शोभायात्रा निकलेगी,जो सेक्टर-20 के हनुमान मंदिर से शुरू होकर नोएडा शहर के विभिन्न सेक्टरों से होकर सेक्टर-62 रामलीला स्थल पर पहुंचेगी। 20 अक्टूबर को सायं 05.00 बजे विजयदशमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा तथा 70 फुट के रावण, 65 फुट के कुंभकरण और 60 फुट के मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। 21 अक्टूबर को श्रीराम-भरत मिलाप व श्रीराम राज्याभिषेक के साथ ही ग्यारह दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव का समापन हो जाएगा।
सेक्टर -62 के रामलीला मैदान में पुतले,पंडाल व स्टेज बनाने का कार्य जोरों पर

Leave a Comment
